दो मकानों में चोरी, मकान मालिक को भी लूटा

मोदरान. चोरी के बाद खुली पड़ी आलमारी।

मोदरान कस्बे में हुई वारदात, बिंदोली में शामिल होने गए थे परिवार के सदस्य, वारदात के दौरान ही घर पहुंचा मकान मालिक तो उससे भी छीनी सोने की चेन

मोदरान
कस्बे के जैनों के मोहल्ले में चोरों ने शनिवार शाम को दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान मालिकों के बिंदोली में शरीक होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने लाखों रुपयों का माल पार कर लिया। साथ ही जब मकान मालिक घर पहुंचा तो चोरों ने उसे भी छूरा दिखाकर उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली।

रमेशकुमार पुत्र चंपालाल ने बताया की शनिवार शाम को घर के सभी सदस्य बिंदोली में शरीक थे। शादी समारोह की रस्म के मुताबिक शनिवार रात करीब 9 बजे दूल्हे की बिंदोली निकाली जा रही थी। मौके का फायदा उठाते हुए चोरों ने रमेशकुमार के घर से 380 ग्राम सोने के आभूषण, और घर से 5 किलो चांदी चुरा ले गए। इसी प्रकार जुगराज पुत्र गणेशमल जैन के मकान से 264 ग्राम सोने के आभूषण सवा किलो चांदी व 7 हजार रुपए नकद उड़ा लिए।

यूं दिया वारदात को अंजाम

घटनाक्रम के अनुसार जैन समाज के एक परिवार में 4 तारीख को शादी थी, जिसके उपलक्ष्य में बिंदोली निकाली जा रही थी, बिंदोली कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सभी घरों के लोग अपने अपने घरों पर ताला लगाकर बिंदोली में शरीक होने के लिए चले गए। मौके का फायदा उठाते हुए चोरों ने घरों के दरवाजों के कुंडों को तोड़ कर अंदर प्रवेश किया और तिजोरियों को तोड़ कर उनमें रखे सोने चांदी के आभूषण एवं नकदी चुरा ले गए।



इनमें से मकान मालिक रमेशकुमार जब अपने घर की तरफ आया तो घर का दरवाजा खुला होने एवं लाइटें चालू होने पर उसने पत्नी के घर मेंं होना समझ कर ज्योंही घर मे प्रवेश किया तो घर के अंदर मौजूद युवक ने छुरा दिखाते हुए उसे चुप रहने की धमकी दी। साथ ही उसके गले में पहनी सोने की चैन भी तोड़ कर ले ली। बुरी तरह से घबराए मकान मालिक ने चारों के भाग जाने पर वारदात की जानकारी अन्य लोगों को दी। इधर, वारदात की जानकारी जब रामसीन थाने में मिली तो थाना प्रभारी आनंदकुमार रात को ही मोदरान में घटनास्थल पर रवाना हो गए। पुलिस शनिवार रात भर एवं रविवार को पूरे दिन चोरों की तलाश में जुटी रही। थाना प्रभारी ने घटना के चश्मदीद रमेशकुमार को थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों एवं चोरों के फोटो भी दिखाए, मगर कोई खास कामयाबी नहीं मिली। इधर, रविवार शाम तक चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।

जांच जारी है

॥मकान मालिकों ने चोरी की रिपोर्ट पेश की है। मामले की जांच चल रही है। पुलिस दल आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। शीघ्र ही इसमें सफलता मिलने की संभावना है।॥ -आनंद कुमार, थाना प्रभारी, रामसीन

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट