आहोर के निकट जोगणी खेड़ा गांव में पानी की समस्या से गहराया रोष

बीस दिन से नहीं आया पानी महिलाओं ने किया प्रदर्शन



. आहोर

उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अजीतपुरा के जोगणी खेड़ा गांव में स्थित जीएलआर में पिछले बीस दिन से पानी की एक बूंद भी नहीं आने से ग्रामीण महिलाओं को परेशान होना पड़ रहा है। एक मटका पानी के लिए भी महिलाओं को कई कोसों दूर जाना पड़ता है। समस्या से परेशान महिलाओं ने शनिवार को जलदाय विभाग के विरुद्ध नारेबाजी कर रोष जताया।

गांव की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने बताया कि जलदाय विभाग द्वारा पेयजल सप्लाई को लेकर ग्राम पंचायत अजीतपुरा से पाइप द्वारा जोगणी खेड़ा गांव में स्थित जीएलआर में पेयजल सप्लाई की जाती है। पिछले करीब बीस दिन से जोगणी खेड़ा गांव स्थित जीएलआर में पानी की एक बूंद भी नहीं आने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी आ रही है। साथ ही महिलाओं ने बताया कि पेयजल आपूर्ति समय पर नहीं होने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान पूर्व उप सरपंच हेमाराम चौधरी, तेजाराम, हीराराम, रूपा राम, जोइताराम, जेठाराम, गणेशाराम, गमनी देवी सहित कई महिलाओं ने जलदाय विभाग के कार्मिकों के विरुद्ध नारेबाजी कर प्रदर्शन कर रोष जताया।

शंखवाली गांव में कार्यरत जलदाय विभाग के कार्मिक की लापरवाही के चलते पांच दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने बताया कि कार्मिक की लापरवाही एवं मनमानी के चलते पिछले पांच दिन से पेयजल सप्लाई नहीं के बराबर हो रही है। शनिवार को जिला परिषद सदस्य खुशाल सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में शंखवाली गांव के ग्रामीणों ने सहायक अभियंता महेन्द्र सिंह राठौड़ से पेयजल समस्या को लेकर अवगत करवाया। जिस पर राठौड़ ने शीघ्र ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट