जालोर से फरार हुए 14 कैदियों में से पांच सिरोही जेल के, जिलेभर में पुलिस गश्त तेज

सिरोही

जालोर जेल से बुधवार देर रात फरार हुए 14 कैदियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक कैलाश चंद्र विश्नोई ने जालोर से लगती सीमा को सील कराते हुए सिरोही जिले भर में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया।इस दौरान नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।जिले से बाहर जाने वाले रास्तों पर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। आबूरोड में भी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच की गई एवं ट्रेनों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

फरार पांच कैदी सिरोही जेल के

जालोर जेल से फरार 14 कैदियों में 5 कैदी सिरोही जेल के हैं, जिन्हें जेल भवन के मरम्मत कार्य के कारण 20 नवंबर को सिरोही से जालोर जेल में शिफ्ट किया गया था। सिरोही जेल से कुल 79 कैदियों को अलग-अलग जेल में शिफ्ट किया गया था। इनमें से जालोर कारागार में 20, सोजत में 20, सांचौर में 20 तथा पाली के कारागार में 15 कैदियों को भेजा गया था। इनके अलावा 4 महिलाओं को जोधपुर कारागार में स्थानांतरित किया गया। इनके साथ ही सिरोही जेलर हिदायत अली को पाली जेलर के सेवानिवृत्त होने से पाली का कार्यभार सौंपा गया है।



ये 20 कैदी सिरोही से जालोर जेल शिफ्ट हुए थे

मरम्मत कार्य के दौरान 20 कैदियों को सिरोही जेल से जालोर जेल शिफ्ट किया गया था।इनमें भागीरथ पुत्र सुखाराम विश्नोई, गणेशा राम पुत्र तगाराम विश्नोई, किसनाराम पुत्र रामलाल जाट, भैरूलाल पुत्र उदय राम जाट, रंगलाल पुत्र वाउत राम मेघवाल, कमल सिंह पुत्र डूंगर सिंह राजपूत, परबत सिंह पुत्र देवीसिंह, जगा राम पुत्र जेठा राम कोली, हितेश कुमार उर्फ हीरा लाल पुत्र पीथा राम जोगी, मुकेश पुत्र धन्ना राम, कमलेश पुत्र सरेमल, भारमल पुत्र भगवाना राम विश्नोई, लसना राम पुत्र होजा गरासिया, रतना राम पुत्र देवीराम जोगी, दिनेश पुत्र गोपाल प्रजापत, अजीत पुत्र राजेंद्र माली, गोपाल पुत्र श्याम सुंदर सिंधी, सोनू पुत्र अशोक जांगिड़, रमेश कुमार पुत्र मणीलाल खसा राम रावल, मोती राम पुत्र पदमा राम चौधरी शामिल थे।

गत माह कमल के साले को पुलिस ने पकड़ा था

सिरोही जेल से जालोर शिफ्ट किए गए कैदियों में फरार ग्राम बंबोरी, प्रतापगढ़ मध्यप्रदेश निवासी कमल सिंह से सिरोही जेल में मिलने के लिए उसका साला गत माह स्कार्पियो जीप से सिरोही आया था। जेल पहुंचने से पहले ही कोतवाली पुलिस ने उसकी स्कार्पियो जीप को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर ली थी।बाद में उसे वह न्यायालय से छुड़वा ले गया था।

वर्ष २००९ में सिरोही जेल से भी फरार हुए थे ४ कैदी
गत २७ अप्रैल २००९ को सिरोही कारागार की दीवार फांदकर चार कैदी फरार हो गए थे। इनमें से एक कैदी के पैर में फ्रैक्चर आने से उसे लोगों ने पकड़ कर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया था। फरार कैदियों में एनडीपीएस एक्ट का आरोपी जम्मू निवासी जमीर अहमद पुत्र गुलाम रसूल को जीआरपी आबूरोड ने गिरफ्तार कर १२ फरवरी ०९ को जेल भेजा था। दूसरे आरोपी रोहिड़ा जोड़ निवासी रमेश उर्फ रणसा पुत्र झाला गमेती को २१ जनवरी ०९ को मारपीट नकबजनी के मामले में जेल भेजा गया था। तीसरा आरोपी पिंडवाड़ा निवासी काना पुत्र सका गरासिया को पुलिस ने २८ फरवरी ०९ को हत्या के मामले में न्यायिक आदेश पर जेल भेजा था। चौथे आरोपी बालेसर जोधपुर निवासी भागीरथ पुत्र भंवर माली को मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में १६ मार्च ०९ को जेल भेजा गया था। गौरतलब है कि इससे पूर्व मालप निवासी देवा गरासिया भी दो बार कारागार की दीवार फांद कर फरार हो चुका है। बाद में उसे पकडऩे पहुंची पिंडवाड़ा थाने के तीन पुलिसकर्मियों पर चाकू से प्राणघातक वार कर फरार हो गया था। बाद में उसे पुलिस ने जालोर जेल भेज दिया। वर्तमान में उसे सिरोही से बाली जेल में रखा गया है।
एनडीपीएस एक्ट में हुई थी गिरफ्तारी

फरार कैदियों को बरलूट थानाधिकारी देवीचंद ढाका ने 12 सितंबर को पालड़ी एम में दर्ज एनडीपीएस एक्ट मामले में जांच के दौरान गिरफ्तार किया था।इनमें रंगलाल पुत्र वाउत राम मेघवाल को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले में पालड़ी एम पुलिस ने कमल सिंह एवं किशनलाल को 95 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। इसी तरह कालंद्री पुलिस थानाधिकारी बहादुर सिंह ने 7 अक्टूबर को 27 बोरा डोडा पोस्त जब्त कर गणेशराम पुत्र तगाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया था। पांचवां आरोपी सरूपगंज थाने का भागीरथ पुत्र सुखाराम विश्नोई है। उसे थानाधिकारी देवाराम ने 7 अक्टूबर को गिरफ्तार कर 301 किलो डोडा पोस्त जब्त किया था।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट